जागरण टाइम्स l 04 नवंबर 2026।सागर। कभी ट्रेनों में भजन गाकर गुजारा करने वाले गायक सुनील लोधी अब अपनी आंखों से दुनिया देखने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के भजन से पहचान बनाने वाले सुनील की आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जांच की तस्वीरें साझा करते हुए प्रशंसकों से दुआ करने की अपील की है।तस्वीरों में डॉक्टर उनकी आंखों की जांच करते नजर आ रहे हैं। सुनील ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि लोगों के प्यार और आशीर्वाद से उन्हें हौसला मिला है। अब उनकी इच्छा है कि वह इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकें और उनके माता-पिता का वर्षों पुराना सपना पूरा हो।
उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए लिखा, “हे प्रभु! अब बस एक कृपा और कर देना… मेरी आंखों की रोशनी वापस लौटा देना।” उनकी इस अपील पर प्रशंसक इलाज सफल होने की कामना कर रहे हैं।मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले सुनील जन्म से दृष्टिबाधित हैं। गांव के धार्मिक आयोजनों और चौपालों से शुरू हुआ उनका संगीत का सफर ट्रेनों में भजन गाने तक पहुंचा। बाद में फिल्म ‘हनुमान अंश’ में गाए भजन ने उनकी आवाज को बड़े मंच तक पहुंचाया। फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर भी उनकी आंखों की जांच और इलाज में मदद के लिए आगे आई थीं।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







