जागरण टाइम्स l 04 नवंबर 2026।नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पहले बैच के चार साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले सरकार ने 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा देने का निर्णय लिया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इस संबंध में ऐलान किया है। अतिरिक्त दो साल के कार्यकाल को ‘सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी’ नाम दिया गया है।इस फैसले के बाद अब चार साल की सेवा पूरी करने वाले ऐसे अग्निवीर, जिन्हें नियमित कैडर में जगह नहीं मिलती, उन्हें दो साल और सेना में सेवा करने का अवसर मिलेगा। वहीं, 25 प्रतिशत अग्निवीरों को पहले की व्यवस्था के तहत नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा। इस तरह अग्निवीरों के लिए सेना में सेवा जारी रखने का एक अतिरिक्त रास्ता तैयार किया गया है।
पहले बैच का कार्यकाल पूरा होने से पहले फैसला
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत युवाओं को चार साल के लिए अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती किया जाता है। योजना में चार साल बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल करने का प्रावधान है, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को सेवा से बाहर होना था।
अब सरकार के नए फैसले से शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को भी दो साल अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अग्निपथ योजना के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। इससे हजारों अग्निवीरों को अपनी सेवा जारी रखने का विकल्प मिलेगा।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







