जागरण टाइम्स, कोरबा 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की नंबर वन पावर सिटी में महाराष्ट्र मंडल कोरबा का शरद पूर्णिमा निमित्त कोजागिरी उत्सव का आयोजन बुधवारी बाजार क्षेत्र अंतर्गत गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज मार्ग स्थित श्री गजानन साईं मंदिर में किया जाना सुनिश्चित हुआ है । 25 अक्टूबर रविवार को यह आयोजन होगा।

तत्संबंधित एक बैठक में महाराष्ट्र मंडल , भगिनी मंडल कोरबा और गणेश सेवा समाज के पदाधिकारियों ने निर्णय किया कि जिले के सभी महाराष्ट्रीयन परिवार के बच्चों को उज्जवल भविष्य पुरस्कार वितरित किए जाएं । इसके अतिरिक्त व्यवसाय ,शिक्षण , समाज सेवा , संगीत , खेल , चित्रकला आदि क्षेत्र में सदस्यों को उनकी विशिष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा । सायंकालीन कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के मनोरंजक खेल एवं बड़ों की अंताक्षरी सहित विभिन्न गतिविधियों से कार्यक्रम को मनोरंजक बनाया जाएगा ।
अधिक उपस्थिति का आग्रह किया
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष हेमन्त माहुलीकर , भगिनी मंडल की अध्यक्षा श्रीमती स्नेहल ओत्तलवार और गणेश सेवा समाज के अध्यक्ष राजेंद्र पागे ने इस अवसर पर कोरबा के सभी महाराष्ट्रीयन बंधु भगिनियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आव्हान किया है ।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।




