जागरण टाइम्स, कोरबा 24 अक्टूबर। :NTPC जमनीपाली स्थित लक्ष्मी डेयरी में ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों ने जब सांभर में कीड़े देखे तो इसकी शिकायत की। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी डेयरी में खाद्य सामग्री में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डेयरी संचालक को कड़ी फटकार लगाई और खाद्य विभाग को इसकी सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राहक डेयरी में नाश्ता करने बैठे थे। इसी दौरान ऑर्डर पर परोसे गए सांभर में कीड़े दिखाई दिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों ने इसकी सूचना खाद्य विभाग को दी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इस पर लोगों ने नाराजगी जताई। बाद में तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

रसोई में पसरी मिली गंदगी, खाद्य सामग्री में फफूंद
मौके पर जांच के दौरान डेयरी की रसोई में गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने की बात सामने आई। वहीं, खाद्य सामग्री में भी फफूंद लगी हुई थी। इस स्थिति को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने नाराजगी जताई। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में लापरवाही को लेकर डेयरी संचालक से जवाब-तलब किया गया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में दर्री तहसील के नायब तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डेयरी की जांच की और कार्रवाई की गई।

इस घटना ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर किस तरह की निगरानी रखी जाती है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



