
द जागरण टाइम्स l 23 अक्टूबर 2026।जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर आगमन पर जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। राष्ट्रपति के आगमन पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, सांसद कांकेर भोजराज नाग, महापौर संजय पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति मुर्मू विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर पहुंची हैं। राष्ट्रपति का यह प्रवास बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के लिए विशेष महत्व रखता है।
उल्लेखनीय है कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशिष्टता के कारण देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। मुरिया दरबार इस महोत्सव की महत्वपूर्ण परंपरा है, जो ऐतिहासिक रूप से जनसंवाद और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक रहा है। राष्ट्रपति की इस आयोजन में सहभागिता से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और गौरव प्राप्त हुआ है।


केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



