
द जागरण टाइम्स, कोरबा 20 अक्टूबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से विजयदशमी के अवसर पर कोरबा जिले में विभिन्न स्थानों पर उत्सव का आयोजन किया गया। इकाई स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इसी कड़ी में शारदा विहार स्थित दुर्गा पूजा मैदान में मंगलवार सुबह विजयदशमी उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरबा विभाग संघचालक सत्येंद्र दुबे ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय एसएन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में कोरबा विभाग संघचालक सत्येंद्र दुबे एवं उपनगर संघचालक अमृतलाल बत्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्वयंसेवक सूर्यबली पाल ने एकल गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को स्वरमय बनाया।

मुख्य वक्ता सत्येंद्र दुबे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से जुड़े प्रसंगों के साथ विजयदशमी पर्व के ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महाभारत के प्रसंग का उल्लेख करते हुए पांडवों के वनवास और अज्ञातवास के दौरान आई कठिनाइयों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में लंबे समय तक संघर्ष करने के बावजूद पांडव अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट थे। उन्हें इस बात का विश्वास था कि उन्हें क्या करना है और किस दिशा में आगे बढ़ना है। अंततः सत्य और न्याय का साथ उन्हें मिला।उन्होंने इन प्रसंगों के माध्यम से धैर्य, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण के महत्व को रेखांकित किया। विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम को सफल बनाने में शारदा विहार इकाई के सभी स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



