राजभाषा शील्ड में सामग्री प्रबंधन विभाग अव्वल, भटगांव क्षेत्र शीर्ष पर…

द जागरण टाइम्स,बिलासपुर, 9 अक्टूबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का समापन समारोह गुरुवार को मुख्यालय ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार 14 से 28 सितंबर तक आयोजित इस पखवाड़े में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन समारोह में उत्कृष्ट हिंदी पत्राचार के लिए विभागों और क्षेत्रों को राजभाषा शील्ड प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार और मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभागाध्यक्षों, क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों तथा स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों की सहभागिता रही।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं विभागाध्यक्षों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-प्रशासन/जनसंपर्क/राजभाषा) मनीष कुमार श्रीवास्तव ने दिया।हिंदी प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों से विद्यार्थियों तक ने दिखाया उत्साहराजभाषा पखवाड़े के दौरान हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी कर्मचारियों के लिए अलग-अलग वर्गों में निबंध लेखन, पत्र एवं टिप्पण लेखन, चित्र आधारित कहानी लेखन, व्याकरण ज्ञान और विभागाध्यक्षों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा हिंदी आशुलिपि, कंप्यूटर आधारित हिंदी टंकण, भाषण, काव्य पाठ और हिंदी अंताक्षरी जैसी संयुक्त प्रतियोगिताएं भी हुईं।गृहणियों के लिए निबंध लेखन तथा ठेका श्रमिकों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने तीन आयु एवं कक्षा वर्गों में हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता में भाग लिया। शासकीय माता शबरी नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए हिंदी साहित्य प्रतियोगिता हुई। वहीं, तिफरा स्थित अंध-मूक-बधिर शाला के बच्चों के लिए हिंदी भाषण और चित्र लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समारोह में अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।राजभाषा शील्ड में सामग्री प्रबंधन विभाग प्रथमस्व. शंकर दयाल सिंह स्मृति राजभाषा शील्ड के तकनीकी वर्ग में सामग्री प्रबंधन विभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया। उत्पादन विभाग दूसरे और योजना-परियोजना विभाग तीसरे स्थान पर रहे।गैर-तकनीकी वर्ग में प्रशासन विभाग और औद्योगिक संबंध विभाग संयुक्त रूप से प्रथम रहे। श्रमशक्ति विभाग को दूसरा तथा लोक सूचना विभाग को तीसरा स्थान मिला।क्षेत्रीय स्तर पर भटगांव क्षेत्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोरबा क्षेत्र दूसरे और जोहिला क्षेत्र तीसरे स्थान पर रहा।11 विभागों को शत-प्रतिशत हिंदी पत्राचार के लिए सम्मानवर्षभर शत-प्रतिशत पत्राचार हिंदी में करने वाले 11 विभागों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इनमें जनसंपर्क, सुरक्षा, उत्खनन, पीएफ-पेंशन, औद्योगिक अभियांत्रिकी, गुणवत्ता नियंत्रण, ईएंडटी, विपणन-विक्रय, अधिकारी स्थापना, भूमिगत खदान और प्रणाली विभाग शामिल हैं।इसके अलावा प्रणाली विभाग, प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग तथा नगर प्रशासन विभाग को सर्वोच्च सहभागिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।समारोह में हिंदी माध्यम से शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक एवं मूल्यांकनकर्ता की भूमिका निभाने वाले विद्वानों, शिक्षाविदों और साहित्यकारों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।समापन समारोह ने एसईसीएल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग, कार्यालयीन कामकाज में हिंदी पत्राचार को प्रोत्साहन देने और नई पीढ़ी में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के संकल्प को रेखांकित किया।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



