66 पाव देशी शराब जब्त; शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी मामला दर्ज
द जागरण टाइम्स | रायगढ़, 23 अक्टूबर।अवैध शराब के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई करने पहुंची जूटमिल पुलिस के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में तीन महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध दो अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात ग्राम गढ़उमरिया निवासी पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे के अवैध रूप से शराब बनाकर बेचने की सूचना मिली थी। प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 180 एमएल की 66 पाव देशी मसाला शराब, कुल 11.880 बल्क लीटर, तथा बिक्री के ₹400 बरामद किए गए। जब्त शराब की कीमत करीब ₹5,600 बताई गई है।
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया। इसी बीच मौके पर पहुंचीं बीना लहरे, दुमेश्वरी लहरे और रजनी मिरी ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए चारों को हिरासत में लिया।इस मामले में पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध क्रमांक 651/2026 दर्ज किया गया। वहीं, शासकीय कार्य में बाधा और पुलिसकर्मियों के साथ कथित बल प्रयोग के मामले में अपराध क्रमांक 654/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे (24), बीना लहरे (26), दुमेश्वरी लहरे (50), सभी निवासी ग्राम गढ़उमरिया, तथा रजनी मिरी (30), निवासी सुंदरगढ़, ओडिशा शामिल हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



