जागरण टाइम्स l 05 नवंबर 2026।,लखनऊ। दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों व स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमकी भरे ईमेल की जांच यूपी एटीएस और साइबर पुलिस कर रही हैं। संदेश में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, अयोध्या की परमा एकेडमी के साथ अंबेडकरनगर के दो शिक्षण संस्थानों को भी धमकी भरे संदेश मिले हैं। स्कूल प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। ईमेल में 8 से 27 नवंबर के बीच धमाके करने की धमकी का उल्लेख है।संदेश में एक संगठन और कुछ व्यक्तियों के नाम का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, ईमेल में किए गए दावों को जांच का विषय माना जा रहा है। एजेंसियां संदेश भेजने वालों की पहचान और इसके पीछे किसी नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
मथुरा में धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ाई गई है। पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग की है। मथुरा के मेयर कार्यालय को भी धमकी भरा संदेश मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, साइबर टीम ईमेल के स्रोत और प्रेषक की पहचान खंगाल रही है। एटीएस धमकी की गंभीरता की जांच कर रही है और निगरानी बढ़ाई गई है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







