34 चौके जड़े, कम उम्र में बिखेरी ज्यादा चमक
जागरण टाइम्स, कोरबा 4नवम्बर। ग्रामीण अंचल में आधुनिक संस्कार युक्त शिक्षा उपलब्ध कराने को कृत संकल्पित आर्यन पब्लिक स्कूल हरदी बाजार के 12 वर्ष के छात्र आर्यन दुबे ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-14 , में 50 ओवरों के क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत धमतरी में खेले जा रहे प्लेट ग्रुप मुकाबले में कोरबा जिला की ओर से खेलते हुए अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने 208 रन बटोरकर क्रिकेट जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

महासमुंद की टीम के विरुद्ध शानदार ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए आर्यन ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर 34 चौकों एवं 1 छक्के की बदौलत 208 रनों की ऐतिहासिक एवं यादगार पारी खेली। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया और पूरे कोरबा जिले को गौरवान्वित किया है।
आर्यन, कोरबा के प्रतिष्ठित आर्यन पब्लिक स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री अजय कुमार दुबे एवं आर्यन पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्रीमती मंजू अजय दुबे के सुपुत्र हैं। मात्र 12 वर्ष की उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास, खेल के प्रति समर्पण और अद्भुत प्रतिभा का परिचायक है।आर्यन की इस ऐतिहासिक सफलता से परिवारजनों, विद्यालय परिवार, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने इस नन्हे खिलाड़ी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।निश्चित ही आर्यन की यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उम्मीद है कि वे भविष्य में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय क्रिकेट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएँगे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







