द जागरण टाइम्स, चित्रकूट यूपी 23 अक्टूबर। जिले के राजापुर तहसील में ‘विशेष निरंतर पुनरीक्षण अभियान’ के तहत मतदाता जागरूकता का बड़ा अभियान चलाया गया। इस अभियान की कमान खुद SDM राजापुर पूजा गुप्ता ने संभाली।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि SDM पूजा गुप्ता अपनी पूरी टीम और पुलिस बल के साथ गांव की कच्ची-पक्की गलियों में पैदल भ्रमण करते हुए घर-घर पहुंचीं। उन्होंने दरवाजे-दरवाजे जाकर मतदाता सूची की जांच की।
घर-घर पूछा – किसका नाम जुड़ा, किसका छूटा?
SDM ने महिलाओं से सीधे पूछा – “इन लोगों का नाम जुड़ा है? बाकी बहुएँ तो आपकी हैं, बेटी कोई है जो 18 साल पूरा कर चुकी है? किसी का नाम कट तो नहीं गया?”
उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि घर में नई बहू आई हो, बेटी 18 साल की हो गई हो, या किसी का नाम सूची से कट गया हो, तो तुरंत फॉर्म भरकर नाम जुड़वाएं। कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
BLO की जांच, रजिस्टर से मिलान:
इस दौरान SDM ने BLO के रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। मौके पर ही BLO और लेखपाल को निर्देश दिए कि हर घर का सत्यापन गंभीरता से करें। जो नाम छूटे हैं, उनकी सूची बनाकर तत्काल कार्रवाई करें।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने SDM के सामने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें SDM ने गंभीरता से सुना।
SDM पूजा गुप्ता ने कहा कि “मतदाता जागरूकता अभियान का एक ही नारा है – कोई भी मतदाता ना छूटे।” लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर वोट जरूरी है।
राजापुर क्षेत्र में SDM के द्वारा इस तरह से जमीन पर उतरकर काम करने के अंदाज की ग्रामीणों ने खूब सराहना की।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



