द जागरण टाइम्स l 29अक्टूबर 2026।बिहारl बिहार में महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी और जबरदस्ती की घटनाओं के वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं. कई मामलों में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई भी करती है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर लगाम लगती नहीं दिख रही है. ताजा मामला समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां एक विवाहिता की मांग में सरेआम जबरन सिंदूर भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में महिला खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है, जबकि आसपास मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम को देखते और वीडियो बनाते नजर आते हैं. घटना ने महिला की सुरक्षा और भीड़ के बीच इस तरह की हरकतों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम के मुताबिक, एक युवक विवाहिता की मांग में जबरन सिंदूर भरने की कोशिश करता है. महिला उसकी इस हरकत का विरोध करती है और खुद को बचाने के लिए खेत की ओर दौड़ लगाती है.
इस दौरान मौके पर दर्जनों महिला और पुरुष मौजूद दिखाई देते हैं. कुछ लोग युवक को रोकने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन आरोप है कि वह लोगों के बीच से निकलकर महिला तक पहुंच जाता है और उसकी इच्छा के विरुद्ध मांग में सिंदूर भर देता है. वीडियो में महिला के आसपास लोगों की भीड़ जुटी दिखाई देती है. इस दौरान कई लोग मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते नजर आते हैं. घटनाक्रम के बाद महिला वहां से निकलती दिखाई देती है. सामने आई जानकारी के मुताबिक, बाद में एक युवक बाइक पर दोनों को लेकर चला जाता है.
घटना के बाद पीड़ित महिला और उसके परिजनों ने खानपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. खानपुर थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. पुलिस तकनीकी और अन्य माध्यमों से भी मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







