द जागरण टाइम्स l 27अक्टूबर 2026।आरंग। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कथित आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @gurukhuswant पर चंदखुरी से आरंग तक निकाली गई 71 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा से जुड़ा पोस्ट साझा किया गया था। आरोप है कि पोस्ट के कमेंट सेक्शन में jai_praksh_official_ नामक इंस्टाग्राम आईडी से मंत्री और सतनामी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश बघेल ने रायपुर के सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि कथित टिप्पणियों से मंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और सतनामी समाज सहित अन्य लोगों की भावनाएं आहत हुईं।
पुलिस ने मामले में 17 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296, 196 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक धीरेंद्र बंजारे कर रहे थे।पुलिस के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







