द जागरण टाइम्स, कोरबा। अचानक ही हाथियों के पहुंच जाने से हद बढ़ाएं कर्मचारियों को बिजली टॉवर्स पर चढ़कर अपनी जान बचाने पड़ी। जिले के बंजारी परिसर के जंगल में इन दिनों 19 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इनमें 18 हाथियों का झुंड और एक लोनर (अकेला) हाथी शामिल है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
द जागरण टाइम्स को मिली जानकारी में बताया गया कि ग्राम बंजारी में टावर लाइन के नीचे साफ-सफाई का कार्य करने के लिए कर्मचारी पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक हाथियों का दल वहां पहुंच गया और कर्मचारियों के काफी करीब आ गया। हाथियों को अपनी ओर आता देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए टावर लाइन के ढांचे पर चढ़कर सुरक्षित स्थान लिया।
इस दौरान हाथियों का दल काफी देर तक टावर लाइन के नीचे ही विचरण करता रहा। घटना की सूचना मिलते ही बंजारी परिसर के परिसर रक्षक ऋषभ राठौर तथा हाथी मित्र दल के राजेश त्रिवेदी और अशोक बिंझवार तत्काल मौके पर पहुंचे। वन अमले और हाथी मित्र दल ने स्थिति का जायजा लेते हुए सावधानीपूर्वक कर्मचारियों को सुरक्षित नीचे उतारा और उन्हें घटनास्थल से बाहर निकाला।
वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों एवं जंगल क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों से हाथियों की मौजूदगी वाले स्थानों पर जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



