जागरण टाइम्स,कोरबा हरदीबाजार, विनोद उपाध्याय 6 अक्टूबर। ग्राम पंचायत भलपहरी के आंगनबाड़ी केंद्र गोड़पारा में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और आत्मीयता के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल पटेल उपस्थित रहे। इस दौरान गर्भवती माताओं की गोदभराई की रस्म तथा शिशुवती माताओं के बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम में मातृत्व, पोषण और बाल विकास से जुड़े विषयों पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। अतिथियों ने उन्हें श्रीफल, गमछा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सेवाभाव और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।मुख्य अतिथि छोटेलाल पटेल ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक देखभाल को लेकर भी जागरूक रहने की बात कही।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भलपहरी की सरपंच सावित्री मरावी, उपसरपंच प्रहलाद राठौर, दुर्गेश कश्यप, संतोष राठौर, मोहन राठौर, शम्मी सिदार, सेक्टर सुपरवाइजर भगवती साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



