दो वन मंडल में कैंपा के कार्यों की हुईं समीक्षा
जागरण टाइम्स, कोरबा 04 नवंबर 2026। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिला पंचायत विकास निधि की कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया।बैठक में वन मंडल कोरबा एवं कटघोरा के विभागीय कार्यों तथा कैम्पा मद से स्वीकृत एवं संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा लोक निर्माण, सहकारिता, अंत्यावसायी एवं रेशम विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में वर्षा ऋतु के पश्चात ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को सुगम बनाने के लिए क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर संबंधित अधिकारियों को सड़कों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देशित किया गया कि शासन के नियमों का पालन करते हुए किसानों से धान खरीदी की जाये। धान खरीदी हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जावे।सामान्य सभा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर अधिकारियों को संबंधित विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, श्री विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, श्री कौशल नेटी एवं श्री विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







