द जागरण टाइम्स l 27अक्टूबर 2026। दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई-तीन थाना क्षेत्र स्थित नंदौरी गांव में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ महिलाओं के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने महिलाओं पर बच्चा चोरी के संदेह में पकड़े जाने का दावा किया है, जबकि पुलिस ने इस दावे से इनकार करते हुए विवाद की वजह घरों में घुसकर पैसे मांगने को बताया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पांचों महिलाएं ऑटो से गांव पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं पहले भी गांव आ चुकी थीं। इस बार बच्चों के चिल्लाने के बाद कुछ ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोरी का संदेह हुआ, जिसके बाद महिलाओं को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि महिलाओं के साथ आए दो अन्य लोग मौके से भाग गए। हालांकि, बच्चा चोरी की आशंका की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा के अनुसार, गांव के सरपंच ने शिकायत की थी कि कुछ महिलाएं घरों में घुसकर लोगों से पैसे मांग रही थीं। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला बच्चा चोरी का नहीं, बल्कि पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद का है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महिलाओं को थाने लेकर आई। शिकायत करने वाले पक्ष को भी बुलाया गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई सभी महिलाएं दुर्ग के जेवरा-सिरसा क्षेत्र की रहने वाली हैं। मामले में शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







