द जागरण टाइम्स l 25 अक्टूबर 2026।नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (तूता मेला ग्राउंड) में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां भव्य.ता के साथ चल रही हैं।
इस वर्ष का राज्योत्सव विशेष रूप से ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ तथा ‘माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़’ की थीम पर केंद्रित रहेगा, जिसमें राज्य की बदलती तस्वीर, विकास और सांस्कृतिक समृद्धि का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इस बार के राज्योत्सव में दर्शकों के लिए सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आकर्षण भारतीय वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन होगा। राज्योत्सव के इतिहास में पहली बार भारतीय वायुसेना की विख्यात ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ और ‘सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम’ नवा रायपुर के गगन में अपने हैरतअंगेज हवाई करतब और फॉर्मेशन फ्लाइंग का लाइव प्रदर्शन करेंगी। आसमान में गूंजती गर्जना और जांबाज पायलटों के करतब उत्सव में देशभक्ति और रोमांच का नया रंग भरेंगे।
उत्सव के मुख्य मंच पर राष्ट्रीय और बॉलीवुड कलाकारों की लाइव प्रस्तुतियां शाम को यादगार बनाएंगी। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, मशहूर गायिका पलक मुच्छाल और प्रसिद्ध गायिका स्वस्ति मेहुल अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध माटी की खुशबू भी मंच पर बिखरेगी। बस्तर और सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश से आए लोक कलाकार पारंपरिक पंथी, करमा, राउत नाचा, सुआ और गौर मांदरी जैसे पारंपरिक नृत्यों और लोकगीतों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







