/जिलाधीश, एसपी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए कार्यक्रम में
द जागरण टाइम्स,सक्ती 20अक्टूबर । विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को रक्षित केंद्र सक्ती में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजा की गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजार्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए मंगलकामना की।

विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। शस्त्र पूजा में शस्त्रों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया गया।

अधिकारियों ने जिलेवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही पर्व के मूल संदेश को आत्मसात करते हुए समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक उमेश राय, थाना प्रभारी सक्ती लखन पटेल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



