
द जागरण टाइम्स, अयोध्या, 5 अक्टूबर। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। रक्षा मंत्री ने रामलला का आशीर्वाद प्राप्त कर देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

दर्शन-पूजन के बाद राजनाथ सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
रक्षा मंत्री ने परिसर में चल रही व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की। राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के मीडिया विभाग के द्वारा बताया गया कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से राजनाथ सिंह का स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके अयोध्या आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



