द जागरण टाइम्स, कोरबा हरदीबाजार, विनोद उपाध्याय, 10 अक्टूबर । शक्ति की उपासना शारदीय नवरात्र पर्व पर होंगी। कोरबा जिले के हरदीबाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के लिए आकर्षक पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, देवी मंदिरों में रंग-रोगन और साज-सज्जा का काम भी अंतिम चरण में पहुंच रहा है। नवरात्र पर्व को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। हरदीबाजार के बस स्टैंड स्थित मां दुर्गा उत्सव समिति द्वारा लगातार 18वें वर्ष मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। समिति की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी तरह सप्तदेव मंदिर और शीतला माता देवी मंदिर में भी नवरात्र पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिरों को आकर्षक रूप देने के साथ ही पूजा-अर्चना की व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। नवरात्र पर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के साथ मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करने की भी तैयारी है। इसके लिए ज्योति कक्ष तैयार किया गया है। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर मां दुर्गा की आराधना करेंगे।पर्व को और खास बनाने के लिए विभिन्न दुर्गा पंडालों में गरबा, डांडिया, रंगोली प्रतियोगिता और जस जागरण सहित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जहां धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिलेगी, देवी मंदिर एवं पंडालो में रोजाना शाम को आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा वहीं स्थानीय लोगों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। नवरात्र पर्व को लेकर हरदीबाजार सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



