
द जागरण टाइम्स, अयोध्या 15अक्टूबर । श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित देवी मंदिर में गुरुवार को आश्विन नवरात्र के पांचवें दिन मां दुर्गा के पंचम स्वरूप स्कंदमाता की पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान मंदिर के पुरोहित ने निर्धारित धार्मिक विधान के अनुसार पूजन कराया। स्कंदमाता को नैवेद्य अर्पित कर सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।आश्विन नवरात्र के पांचवें दिवस अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन के साथ मां स्कंदमाता की आराधना की।

नवरात्र पर्व के चलते रामनगरी में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती उपस्थिति से धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल दिखाई दे रहा है।श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मीडिया विभाग ने बताया कि आश्विन नवरात्र के अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। श्रद्धालु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करने के साथ परिसर में स्थित विभिन्न देवालयों में भी पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान देवी के अलग-अलग स्वरूपों की आराधना को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि भक्त सुगमता से दर्शन-पूजन कर सकें।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



