विनोद उपाध्याय, द जागरण टाइम्स, हरदी बाजार कोरबा । सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम नेवसा के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम उत्साह और आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों, माताओं, कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के बीच संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं संस्कार के लिए सेवाएं दे रहे कार्यकर्ताओं के सेवाभाव को सम्मानित करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत के साथ हुई।

इस दौरान गर्भवती माताओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके सेवाभाव और योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर ने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल और पोषण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक विकास, स्वास्थ्य, संस्कार और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ बेहतर खान-पान और शारीरिक पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।


