
द जागरण टाइम्स, रायगढ़, 8 अक्टूबर। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक से 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप जब्त किया है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत 9 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल ट्रक समेत करीब 18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर वाहन चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण और पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही है।इसी दौरान 6 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एक 10 चक्का ट्रक में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को रोककर जांच की।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में स्क्रैप लोड मिला। पुलिस ने चालक स्युवीर सिंह (51 वर्ष), पिता गुरुदयाल सिंह, निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर (ओडिशा) से स्क्रैप के संबंध में पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह संबलपुर जिले के ग्राम रैमण्ड से कबाड़ लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जा रहा था। हालांकि, पूछताछ के दौरान वह स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद पुलिस ने ट्रक में लोड स्क्रैप का वजन कराया। तौल में कुल 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने स्क्रैप और परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 18 लाख रुपये बताया गया हैइस मामले में पुलिस ने वाहन चालक स्युवीर सिंह के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 35(क)(5) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



