अंबिकापुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर ठगों ने हैक कर लिया है। हैक करने के बाद ठगों ने मंत्री के संपर्क में मौजूद कई लोगों को उनके नाम से मैसेज भेजकर रुपये की मांग की है। किसी से 32 हजार तो किसी से 52 हजार रुपये मांगे गए हैं। कई लोगों को यूपीआई क्यूआर कोड भेजकर पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया।
घटना का पता मंगलवार को उस समय चला जब सूरजपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा था। रैली में शामिल समर्थकों ने मंत्री को बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर से पैसे मांगने वाले मैसेज आ रहे हैं। पहले मंत्री को लगा कि किसी ने अफवाह फैलाई है, लेकिन जब उन्होंने स्वयं सत्यता जांची तो मामला सही निकला।
हैकर ने मंत्री के नाम से मैसेज में लिखा था – एक छोटी सी भूल हो गई है, मेरा यूपीआई बंद हो गया है, मुझे अर्जेंट में पैसों की जरूरत है, किसी से 32 हजार तो कुछ लोगों को 52 हजार की मांग वाला मैसेज भेजा गया।
जानकारी मिलते ही मंत्री राजवाड़े ने तत्काल सूरजपुर साइबर सेल को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर स्वयं इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा अति आवश्यक सूचना.. मेरा व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



