बिलासपुर: नवरात्र पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों और रावण दहन कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जारी गाइडलाइन में श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि आयोजन स्थलों पर भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर शाम पांच बजे से रात 12 बजे तक जरूरत के मुताबिक मार्ग परिवर्तन और नो एंट्री लागू की जा सकती है। विशेष रूप से शहर के मध्य स्थित तेलीपारा दुर्गा दर्शन स्थल के आसपास यातायात नियंत्रित किया जाएगा। यहां दर्शनार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



