द जागरण टाइम्स,,कोरबा 13अक्टूबर । राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के मदनपुर घाट में ट्रेलर दुर्घटना के बाद कई घंटों तक आवागमन बाधित रहने और यात्रियों को परेशानी होने के मामले में NHAI के अधिकारियों के खिलाफ न्यायालय कटघोरा में परिवाद दायर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 2:30 बजे मदनपुर घाट में ट्रेलर क्रमांक CG10BS5980 खराब होकर खड़ा था। इसी दौरान तारा घाटी की ओर जा रहे ट्रेलर क्रमांक CG10BS9436 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए खड़े ट्रेलर को टक्कर मार दी। दुर्घटना के कारण बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर जाम लग गया।
जाम में बसों के यात्री, एंबुलेंस से जा रहे मरीज, ट्रेन और हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ महिलाएं एवं बच्चे घंटों फंसे रहे। थाना बांगो और चौकी मोरगा की पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग तथा डायल 112 की टीम ने जाम हटाने का प्रयास किया। NHAI के अधिकारियों को भी सूचना दी गई, लेकिन समय पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, NHAI अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने और आवश्यक सहायता नहीं देने के मामले में बीएनएस की धारा 222(ए) के तहत न्यायालय कटघोरा में परिवाद दायर किया गया है। साथ ही, भविष्य में भी कर्तव्य निर्वहन में सहयोग नहीं करने वाली संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही गई है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



