कोरबा: रात में हाथियों के गांव की ओर आ धमकने का डर ऐसा कि तेलियामार के किसान खेलन सिंह को खपरैल के छप्पर पर खाट चढ़ाकर सोना पड़ा। कहीं कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए तो कहीं खेतों में खड़ी धान की फसल रौंद दी गई। पसान क्षेत्र में 52 हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। बीते एक सप्ताह में हाथियों का दल आधा दर्जन ग्रामीणों के कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा चुका है और 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र में लगी धान की फसल नष्ट कर दी है।
हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों के सामने दोहरी मार की स्थिति है। कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने से सिर छिपाने का ठिकाना खतरे में है, वहीं खेतों में खड़ी धान की फसल बर्बाद होने से महीनों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। किसानों के लिए यह नुकसान केवल खेत तक सीमित नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका से भी जुड़ा है। रात में हाथियों के गांव की ओर आने की आशंका के बीच ग्रामीणों को घर और खेत, दोनों की चिंता सताती है। छप्पर पर खाट चढ़ाकर सोने की मजबूरी इसी भयावह स्थिति की तस्वीर पेश करती है। हाथियों के करीब आने पर कमजोर मकानों में रहना जोखिम भरा महसूस हो रहा है। ग्रामीणों की चिंता अब केवल फसल बचाने तक सीमित नहीं, बल्कि अपने परिवार और घर को सुरक्षित रखने की भी है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



