खैरागढ़। जिले में अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ दिनों पहले खैरागढ़-डोंगरगढ़ मार्ग पर कई बार तेंदुआ दिखाई देने के बाद अब साल्हेवारा मार्ग स्थित बंजारी घाटी में भी उसकी मौजूदगी सामने आई है।बीती रात करीब 8:30 बजे घाटी से गुजर रही एक सवारी बस के चालक ने सड़क किनारे तेंदुए को बैठे देखा। इसके बाद चालक ने बस रोककर उसका वीडियो बनाया। कुछ देर बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद साल्हेवारा क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार तेंदुआ दिखाई देने से रात के समय इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों और आसपास के ग्रामीणों में भय बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से बंजारी घाटी सहित जंगल से लगे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



