
द जागरण टाइम्स। कोरबा। यात्री बसों में परिवहन नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों में खामियों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बुधवार को सीएसईबी चौक पर सघन जांच अभियान चलाया।परिवहन अधिकारी अतुल असैया के नेतृत्व में उडऩदस्ता टीम ने सीएसईबी चौक से गुजरने वाली यात्री बसों को रोककर परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। अभियान के दौरान कई बसों में नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर 10 यात्री बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इनसे विभाग ने कुल 22,300 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की। वहीं, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक यात्री बस को जब्त कर परिवहन विभाग कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया।

सीएसईबी चौक पर अचानक शुरू हुई जांच से बस संचालकों और चालकों में हडक़ंप की स्थिति रही। उडऩदस्ता टीम ने बस संचालकों को वाहनों से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने और परमिट की शर्तों के अनुरूप संचालन करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्री बसों की जांच केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी। नियमित रूप से जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



