
छिंदवाड़ा, तामिया। चिमटीपुर रेस्ट हाउस के पास बुधवार को रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक पर रील बना रहा 25 वर्षीय युवक बाइक सहित मध्य प्रदेश के चर्चित टूरिस्ट स्पॉट पातालकोट की गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में युवक की मौत हो गई। तामिया_ पिपरिया मार्ग पर यह हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट से बताया गया कि मृतक की पहचान सुरभान खमरिया, पिता धाधी, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिधौली के रूप में की गईं है। बताया गया कि युवक बाइक चलाते हुए रील बना रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बाइक सहित खाई में जा गिरा। मौके पर मौजूद कुछ युवाओं और बच्चों ने युवक को बाइक सहित खाई में गिरते हुए देखा। उन्होंने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण युवक की तलाश में पातालकोट की गहरी खाई में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद युवक को खाई से बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी तामिया पुलिस को दी गईं । हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।


