मोहला-मानपुर। लंबे समय से बाघ के खौफ तले सहमे मोहला-मानपुर के औंधी तहसील क्षेत्र में एक बार फिर दहशत का माहौल है। इस बार बाघ ने गांव के बेहद करीब दिनदहाड़े पांच पालतू बकरियों को अपना शिकार बना लिया। हैरानी की बात ये है कि जिस वक्त बाघ ने हमला किया, उस दौरान ग्रामीण महिलाएं अपनी बकरियां चरा रही थीं। महिलाओं ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन देखते ही देखते बाघ पांच बकरियों को मौत के घाट उतार गया।घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है, और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।घटना औंधी तहसील क्षेत्र के ग्राम रेंगाटोला इलाके की हैं, जहां इंसानी बस्ती के करीब ही खेत-खलिहानों के बीच बाघ की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि करीब छह महिलाएं गांव से दूर अपने मवेशियों को चराने पहुंची थीं। इसी दौरान शाम के वक्त अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच आ पहुंचा।ग्रामीणों के मुताबिक, बाघ ने पहले एक बकरी को दबोचा और इसके बाद एक के बाद एक पांच बकरियों का शिकार कर दिया।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



