
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के तहत एक महीने तक जिलेभर में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पार्टी का प्रयास रहेगा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति तक पहुंचे तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाए।पंडित दीनदयाल कुंज स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित नगर मंडल की कार्यशाला को संबोधित करते हुए गोपाल मोदी ने यह बात कही। उन्होंने अन्य पदाधिकारियों के साथ भारत माता एवं जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।कार्यशाला में जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। कार्यकर्ता आम नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेंगे और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा जनहितकारी कार्यों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को यह बताना आवश्यक है कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के हित को ध्यान में रखते हुए किस प्रकार कार्य कर रही है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ संचालित करने का आह्वान किया। कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा, विभिन्न गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर जिला भाजपा कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, नगर मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।


