जिला प्रचारक उमेद राम साहू ने संगठित समाज पर जोर दिया
जागरण टाइम्स, दीपका/ कोरबा28अक्टूबर।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दीपका नगर के तत्वावधान में विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। नगर संघ चालक लल्लू सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। घोषदल के साथ निकले पथ संचलन ने नगर में विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीपका के सोमवारी बाजार स्थित सांस्कृतिक मंच पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवक एकत्रित हुए और सामूहिक प्रार्थना की गई। अनुशासन, एकता और संगठनात्मक भावना के साथ प्रार्थना संपन्न होने के बाद पथ संचलन प्रारंभ हुआ।पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला। नगरवासियों की सहभागिता से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला प्रचारक उमेंद्रराम साहू ने अपने उद्बोधन में समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक एकता और समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है। समाज में परस्पर सहयोग, समरसता और सेवा भाव को बढ़ावा देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







