रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की आहट के साथ ही कुछ इलाकों में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। भोर की पहली किरण और शाम ढलते ही फिजा में घुलने वाली हल्की सिहरन अब लोगों को सर्दी की सुगबुगाहट का सुखद अहसास कराने लगी है। पंखों की गति धीमी होने लगी है और सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग हल्की ठंड का आनंद ले रहे हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पेंड्रा रोड में पारा गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं अंबिकापुर में 18.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर, दिन में धूप का असर अब भी बरकरार है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माना एयरपोर्ट रायपुर में पारा 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में 33.4 और जगदलपुर में 33.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



