द जागरण टाइम्स। ASIAN GAMES 2026 : भारत की स्टार निशानेबाज नीरू ढांढा ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत लिया है। नीरू ने फाइनल में 28 अंक हासिल कर नया एशियन रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि के साथ वह एशियन गेम्स के इतिहास में महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं।नीरू ढांढा ने फाइनल में बेहद सटीक निशाने लगाए। उन्होंने 30 में से 28 निशाने सही लगाए, जिसके साथ उन्होंने पिछला एशियन रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। चीन की युनोंग सन ने 26 अंक के साथ सिल्वर, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। यह गोल्ड एशियन गेम्स 2026 में भारत का पांचवां स्वर्ण पदक है। खास बात यह है कि मौजूदा एशियाड में यह भारत का पहला व्यक्तिगत गोल्ड मेडल भी है। इससे पहले भारत के चारों स्वर्ण टीम या डबल्स स्पर्धाओं में आए थे।
नीरू ने इसी दिन महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल जीता। नीरू, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने कुल 328 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रही।नीरू ढांढा ने इस साल भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। वह इटली में हुए ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। अब एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ा अध्याय जोड़ दिया है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



