द जागरण टाइम्स। बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हैवन्स पार्क होटल में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। होटल के स्पा सेंटर में काम करने वाली एक युवती के शराब के नशे में हंगामा करने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती ने होटल के पब/बार में शराब पी थी, जिसके बाद बिल भुगतान को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर होटल के बाउंसरों ने युवती को बाहर निकाल दिया, लेकिन इसके बाद भी हंगामा नहीं थमा और युवती होटल के बाहर काफी देर तक हंगामा करती रही।
सूचना मिलने पर डायल-112 और सिविल लाइन थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक स्थिति बनी रही। वीडियो में युवती को पुलिस और होटल स्टाफ के सामने हंगामा करते हुए देखा जा सकता है। घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू यह रहा कि पुलिस की मौजूदगी में युवती अपनी गाड़ी तक पहुंची और फिर गाड़ी में बैठकर वहां से चली गई। चर्चा यह भी है कि युवती का मोबाइल थाना ले जाने की बात कही गई थी, लेकिन उसे थाने ले जाने के बजाय वह मौके से चली गई, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



