द जागरण टाइम्स। राजस्थान। बीकानेर जिले लोहावट के विकास अधिकारी नारायण सुथार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। बीते दिन उनकी गाड़ी से 8 लाख 14 हजार रुपये से अधिक की नकदी मिलने के बाद एसीबी ने जांच का दायरा बढ़ाया। सर्च कार्रवाई के दौरान उनके घर से करीब एक किलो सोने के बिस्किट, आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
गाड़ी की तलाशी में मिले 8.14 लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम एसीबी की टीम ने एएसपी आशीष कुमार के नेतृत्व में नोखा रोड पर औचक चेकिंग के दौरान विकास अधिकारी की गाड़ी को रुकवाया था। तलाशी के दौरान वाहन से 8 लाख 14 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। इसके बाद अधिकारी से पूछताछ की गई और बरामद नकदी के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
घर की सर्च में सोने के बिस्किट और दस्तावेज मिले
नकदी बरामद होने के बाद एसीबी ने विकास अधिकारी के आवास सहित अन्य स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। सर्च के दौरान सोने के बिस्किट, आभूषण, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, रजिस्ट्रियां तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं। जांच एजेंसी अब बरामद नकदी, सोने और दस्तावेजों के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है।
वित्तीय रिकॉर्ड से संबंधों की जांच
सूत्रों के अनुसार, कई दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त किया गया है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी और सोना किस स्रोत से अर्जित किया गया तथा उनका वित्तीय रिकॉर्ड से क्या संबंध है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



