रायपुर। इंद्रावती नदी में आई बाढ़ में फंसे 12 लोगों को भारतीय वायु सेना की मदद से बचा लिया गया है। बाढ़ में फंसे लोगों में तीन बच्चे और दो महिलाएं भी शामिल थीं। ये लोग बाढ़ की वजह से रात भर फंसे रहे।
बचाव के लिए मिले कॉल के बाद ये बचाव अभियान जगदलपुर से संचालित किया गया। नदी में तेजी से बढ़े जलस्तर की वजह से लोगों को बाहर जाने का वक्त नहीं मिल पाया और वो फंस गए। इसके बाद वायु सेना की मदद से एमआई-17वी5 (Mi-17V5) हेलीकॉप्टर से इन लोगों को बचाया गया।
इससे पहले सितंबर में आए बाढ़ की वजह से गांव डूब चुके थे। इस बार प्रशासन काफी अलर्ट है और इलाके में राहत और बचाव कार्य चला रहा है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में काम कर रहे डॉक्टर अभिजीत साहू ने बताया कि बाढ़ के कारण हर घंटे जलस्तर बढ़ रहा है। इनके बीच हम लोगों को इलाज देने की कोशिश कर रहे हैं। पानी में भीगने के कारण बच्चों को सर्दी जुकाम और बुखार हो गया है।इधर राहत बचाव में लगे अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन पीड़ित परिवारों तक राहत सामान पहुंचाने में लगा है।
बचाव अभियान में लगे सेना के अधिकारियों ने बताया कि डोंगाघाट गांव में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना पर खोजबीन शुरू की गई। वहां पर जब सेना के जवान पहुंचे तो कच्ची झोपड़ी की छत पर कुछ लोगों को देखा। इसके बाद गरुड़ कमांडो को छत पर उतार कर लोगों को ऊपर हेलीकॉप्टर में खींच कर बैठाया गया। उन्होंने बताया कि पानी के बढ़ते स्तर की वजह से मकान के गिरने का खतरा बना हुआ था लेकिन किसी तरह हम उन्हें बचाने में कामयाब रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



