द जागरण टाइम्स l 28अक्टूबर 2026।रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है। बस्तर संभाग में भी बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कुछ जिलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। रेल सेवाओं के परिचालन में भी बदलाव की जानकारी सामने आई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
प्रभावित क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। कुछ समय के लिए हवा के झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रेड अलर्ट: बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव।ऑरेंज अलर्ट: कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।






