जागरण टाइम्स,एमसीबी/27 अक्टूबर। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें गंभीरतापूर्वक सुनीं। नागरिकों ने भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, दिव्यांगजनों के लिए ट्राईसाइकिल, शासकीय नियुक्ति, ऋण स्वीकृति, निर्माण कार्य, धान खरीदी केंद्र परिवर्तन, नामांतरण, सीमांकन एवं पेयजल सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।ग्राम बिछली निवासी संतोष सिंह ने मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण हब के अंतर्गत चयनित जेंडर विशेषज्ञ एसटी पद पर नियुक्ति आदेश जारी करने की मांग की। ग्राम बहरासी निवासी राजेन्द्र सिंह ने ट्राईसाइकिल प्रदान करने, कोरिया निवासी मंगल प्रसाद ने सेवानिवृत्त पटवारी की पीएफ पासबुक का सत्यापन कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम नीदिया निवासी राजेश कुमार ने आर्थिक सहायता तथा ग्राम काशी टोला निवासी राजू सिंह श्याम ने धान खरीदी केंद्र परिवर्तन की मांग रखी। वहीं ग्राम बाही निवासी लखनी, झगड़ाखांड निवासी राम प्रसाद एवं मनेन्द्रगढ़ निवासी राजेश्वर राव ने भूमि एवं नामांतरण संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन दिए।ग्राम जुईली निवासी मोतीलाल ने सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति, मानवती ने पंचायत सचिव के अतिरिक्त प्रभार में परिवर्तन तथा ग्रामवासियों ने विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम साल्ही के सरपंच ने पंचायत के कार्यों में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। चनवारीडांड निवासी आनंद शर्मा ने शासकीय भूमि के खसरा नंबर 263, 261, 250 एवं 252 का सीमांकन कराने तथा कथित अतिक्रमण एवं खरीदी-बिक्री की जांच कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी। ग्राम केरबहरा निवासी संतोष ने ऋण स्वीकृति में आ रही समस्या तथा ग्राम बाही निवासी सामेल ने कुआं निर्माण की स्वीकृति के लिए आवेदन दिया। खोंगापानी निवासी मनीष सिंह ने कोरिया नीर आरओ वाटर एटीएम मशीन के लगातार बंद रहने एवं बार-बार मोटर खराब होने की समस्या से अवगत कराते हुए नई मोटर स्थापित कर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की।कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों को इन मामलों में संवेदनशीलता से कार्यवाही करने को कहा।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।







