जागरण टाइम्स, रायगढ़, 22 अक्टूबर। चक्रधरनगर चौक स्थित दुर्गा पंडाल के पास दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 21 अक्टूबर की रात की है। विवाद के दौरान मारपीट और गाली-गलौज के आरोप सामने आने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।पुलिस के अनुसार, मामले में एक पक्ष के सुशील गुप्ता (31), निवासी छोटे अतरमुड़ा, चक्रधरनगर ने शिकायत दर्ज कराई कि चक्रधरनगर चौक पर अभिलाष गुप्ता और चंद्रशेखर सिंह राजपूत के बीच विवाद हो रहा था। इस दौरान बीच-बचाव करने पर चंद्रशेखर सिंह राजपूत ने हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई।वहीं, दूसरे पक्ष के चंद्रशेखर सिंह राजपूत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शराब आहता में हुए विवाद के बाद चक्रधरनगर चौक पर अभिलाष गुप्ता और उसके साथियों ने उनके साथ-साथ उनके चाचा श्याम सिंह राजपूत तथा चचेरे भाई उत्तम सिंह राजपूत के साथ मारपीट की। दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।चक्रधरनगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 533/2026 और 534/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 533/2026 के मामले में चंद्रशेखर सिंह राजपूत, उत्तम सिंह राजपूत और श्याम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही तीनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। मामले की विवेचना जारी है।घटना के दौरान पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत भी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, इस पहलू को लेकर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। वहीं, रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, गाली-गलौज और शांति भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और कानून अपने हाथ में लेने से बचें।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



