नगर निगम के ओपन थिएटर में दूसरे वर्ष भी आयोजन,
द जागरण टाइम्स, कोरबा, 15 अक्टूबर। अश्विन नवरात्र के अवसर पर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक नगर कोरबा में नगर पालिक निगम द्वारा लगातार दूसरे वर्ष भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार, 15 अक्टूबर की रात ओपन थिएटर में रामलीला का शुभारंभ होगा। इससे पहले संकटमोचन श्री हनुमान की पूजा-अर्चना के साथ पंडित शिवराज शर्मा और उनकी टीम संगीतमय सुंदरकांड का पाठ करेगी।

नगर निगम द्वारा रामलीला के आयोजन के लिए वाराणसी के एक दल को आमंत्रित किया गया है। यह दल अगले पांच दिनों तक भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेगा। इस वर्ष आयोजन में कुछ नए प्रयोगों को भी शामिल किया गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के लोकगायक और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए राज्यपाल से सम्मानित पंडित शिवराज शर्मा को सुंदरकांड पाठ के लिए आमंत्रित किया गया है।हनुमान की आराधना से होगी शुरुआतआयोजन के तहत शाम 7 से रात 9 बजे तक पूजा-अर्चना और संगीतमय सुंदरकांड पाठ का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। पंडित शिवराज शर्मा अपनी टीम के साथ संकटमोचन हनुमान की महिमा का संगीतमय वर्णन करेंगे। शर्मा बंधुओं की टीम इससे पहले भी कई अवसरों पर ऐसे कार्यक्रमों की प्रस्तुति दे चुकी है।नगर निगम की मंशा है कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के साथ उनके परम भक्त हनुमान की भक्ति और महिमा से भी लोगों को जोड़ा जाए। सुंदरकांड पाठ के जरिए श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
शक्ति की उपासना के साथ हनुमान भक्ति का संदेश
पंडित शिवराज शर्मा ने द जागरण टाइम्स से चर्चा करते हुए कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है। ऐसे पावन अवसर पर मां भगवती की आराधना के साथ संकटमोचन हनुमान की महिमा का गुणगान भी भक्तों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि जब बड़ी संख्या में लोग ऐसे धार्मिक आयोजन से जुड़ते हैं, तो उन्हें भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



