काठमांडू। Nepal Flood: नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। बुढ़ीगंडकी नदी में जलस्तर बढ़ने से चुमनुब्री गांवपालिका के पैयू और बगर गांवों में 35 मकान बहने की खबर है। बाढ़ की चपेट में आने से कई मोटर पुल और झूला पुल भी बह गए। प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
गोरखा के प्रमुख जिला अधिकारी धरेन्द्र कुमार मिश्र के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4:35 बजे भीषण बाढ़ आने की सूचना मिली। चुमनुब्री गांवपालिका के अलावा दोभान, घट्टेखोला, जगत और सल्लेरी जैसे इलाकों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, चुम्के खोला में भूस्खलन के कारण नदी का बहाव रुक गया था। इसके बाद अचानक पानी का बहाव बढ़ने से बाढ़ की स्थिति पैदा हुई। हालांकि, नुकसान और बाढ़ के कारणों का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।
बाढ़ के पानी में कई पुल बहने की सूचना है। इनमें आरुघाट गांवपालिका के सोती और मान्बु को जोड़ने वाला मोटर पुल, न्याकचेत और सिर्दिबास के बीच बना पुराना झूला पुल तथा माछीखोला से केरौजा को जोड़ने वाला झूला पुल शामिल हैं। सोती इलाके में एक लोहे का पुल भी बाढ़ की चपेट में आने की खबर है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



