द जागरण टाइम्स, कोरबा 8अक्टूबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोरबा जिले में 5 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत युवा मतदाताओं सहित मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों का पंजीकरण किया जा रहा है

।इसी क्रम में 7 अक्टूबर को शासकीय ई.व्ही.पी.जी. कॉलेज कोरबा में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और आसपास के 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की।उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही सभी नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम नहीं होने पर पंजीकरण कराने का आग्रह किया।कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर ने उपस्थित युवाओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी बलराम कुर्रे, डॉ. दिनेश श्रीवास सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



