जागरण टाइम्स, कोरबा हरदीबाजार, विनोद उपाध्याय, 7अक्टूबर। ठंड का मौसम शुरू होने के साथ जिले के कई क्षेत्रों में गैंबलर की अड्डेबाजी शुरू हो गई है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम उतरदा स्थित शक्तिखर्रा जंगल में तिरपाल लगाकर चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने मंगलवार को दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही मौके पर जुआ खेल रहे करीब 20 से 25 लोग जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर तीन जुआरियों को पकड़ लिया। मौके से तीन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, 5400 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह को शक्तिखर्रा जंगल में जुआ खेलने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी दर्री के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने जुआ फड़ के आसपास घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही बड़ी संख्या में जुआरी मौका पाकर जंगल की ओर भाग निकले।तीन जुआरियों पर कार्रवाईपुलिस ने मौके से राजेश लहरें निवासी बुडगहन, पवन कुमार पटेल निवासी निरतु और नंदकुमार पटेल निवासी दीपका को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे एवं मौके से तीन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, 5400 रुपए नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई। तीनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक नेवसा निवासी हरि साहू पर जुआ फड़ संचालित करने तथा सत्य प्रकाश पटेल पर जुआरियों से नाल वसूली करने का आरोप है। बताया गया कि जुआ खेलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से करीब 500 रुपए एंट्री के नाम पर लिए जाते थे। दबिश के दौरान दोनों पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस अब हरि साहू और सत्य प्रकाश पटेल की तलाश कर रही है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



