महानदी परिसर के लोगों ने गणेश उत्सव का किया आयोजन
छत्तीसगढ़ : द जागरण टाइम्स, कोरबा। श्रीरामचरितमानस के माध्यम से मानव जीवन में चरित्र निर्माण, कर्तव्य, त्याग, सेवा और मर्यादा जैसे मूल्यों को समझने के उद्देश्य से 23 सितंबर 2026, बुधवार को कोरबा में विशेष व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। निहारिका गणेशोत्सव समिति एवं सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर, निहारिका रोड स्थित गणेश पंडाल में दोपहर 3 बजे से यह आयोजन होगा।भागवत एवं मानस मर्मज्ञ परम पूज्य पंडित देवशरण दुबे “श्रीरामचरितमानस से मानव चरित्र निर्माण” विषय पर अपना विशेष व्याख्यान देंगे। कार्यक्रम का आयोजन श्रीरामजी की इच्छा तक किए जाने की जानकारी आयोजकों ने दी है।

व्याख्यान में श्रीरामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई “काहु न कोउ सुख दुख कर दाता। निज कृत करम भोग सबु भ्राता।।“ को केंद्र में रखते हुए कर्म, जीवन और मानव चरित्र के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला जाएगा। पंडित देवशरण दुबे इस चौपाई के आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कर्मों की भूमिका और जीवन में उनके प्रभाव पर मार्गदर्शन करेंगे।इसके अलावा माता कैकयी के चरित्र के विभिन्न पक्षों, भरत के आत्मग्लानि एवं त्याग, शत्रुघ्न और उनकी धर्मपत्नी श्रुतकीर्ति के त्याग, तप एवं समर्पण सहित श्रीरामचरितमानस के कई प्रेरणादायी प्रसंगों पर चर्चा की जाएगी। इन प्रसंगों के माध्यम से त्याग, कर्तव्य, धर्मपालन, तपस्या, सेवा, समर्पण और मर्यादा जैसे जीवन-मूल्यों को समझाने का प्रयास किया जाएगा।सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के कोरबा जिला शाखा प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि श्रीरामचरितमानस केवल धार्मिक आस्था का ग्रंथ ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के विभिन्न पक्षों को समझने और चरित्र निर्माण की प्रेरणा देने वाला महत्वपूर्ण ग्रंथ है। व्याख्यान के माध्यम से मानस के ऐसे प्रसंगों और पात्रों पर भी प्रकाश डाला जाएगा, जिनकी चर्चा सामान्यतः कम होती है।आयोजकों ने मानसप्रेमी, धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालुजनों से परिवार सहित इस विशेष आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी आयोजन में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



