नीरज शुक्ला, जागरण टाइम्स, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में 1 जनपद सदस्य, 4 सरपंच और 38 पंच पदों के लिए पंचायत उपचुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत उपचुनाव-2026 की समय-सारणी जारी कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है।
कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि अभ्यर्थी 15 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से होगी। अभ्यर्थी 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
जरूरत पड़ने पर 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सरपंच और जनपद सदस्य पद के लिए ईवीएम से, जबकि पंच पद के लिए मतपत्र और मतपेटी से मतदान होगा। पंच पद के वोटों की गिनती मतदान समाप्त होते ही उसी दिन मतदान केंद्रों पर होगी। सरपंच और जनपद सदस्य के मतों की गणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर होगी। इन्हीं पदों के परिणाम की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से होगी। पंच पदों का अंतिम सारणीकरण और परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से घोषित किया जाएगा।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।



