
कोरबा, । सप्तदेव मंदिर में भादी अमावस्या उत्सव की पूर्व संध्या पर 10 सितंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन रात्रि 8 बजे से होगा। देश के जाने-माने कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगे। खास बात यह है कि यह काव्य पाठ भक्ति, संस्कृति और परंपरा के मूल्यों पर आधारित होगा।
किशनलाल मोदी मेमोरियल ट्रस्ट इसका आयोजक है। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत प्रमुख अतिथि होंगे। इनके अतिरिक्त पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत बुधिया, राजेन्द्र अग्रवाल एवं समाजसेवी उपस्थित रहेंगे। बताया गया कि कार्यक्रम में सूरत (गुजरात) की प्रसिद्ध कवयित्री एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय संयोजिका सुश्री सोनल जैन, सूरत के विमल सोनी, जबलपुर (मध्यप्रदेश) के इंजीनियर विनोद नयन, इटारसी के बृजकिशोर पटेल, भरतपुर (राजस्थान) के जय कुमार ‘जय’ तथा कोरबा की डॉ. अंजना सिंह रचना पाठ करेंगी। डॉ. नयन संचालक की भूमिका में होंगे। श्री मोदी ने बताया कि यह पहला ऐसा मौका होगा जब कवि सम्मेलन का बिल्कुल नया अंदाज देखने को मिलेगा। सायं 7 बजे से मां श्री राणी सती दादी का मेहंदी उत्सव, पगधोई एवं ज्वारा उत्सव श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन प्रारंभ होगा।

केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।


