
अयोध्या उप्र [एजेंसी]। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर की व्यवस्थाओं की कमान संभालते ही अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर मौजूदा कार्यप्रणाली की जानकारी ली। करीब एक हजार कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में अनुशासन, श्रद्धालुओं से बेहतर व्यवहार और सुगम दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। सुबह करीब 6.30 बजे कैफियत ट्रेन से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे जितेंद्र मिश्र सीधे रामघाट स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को समझने के साथ ही उन्होंने ट्रस्ट के एकाउंटिंग सिस्टम की भी जानकारी ली। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं में लगे कर्मचारियों की संख्या, उनके दायित्व और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी हासिल की गई। अधिकारियों के साथ मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आगे की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा हुई। सीईओ ने व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए जिम्मेदारी के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया। इसके बाद जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर में सेवा दे रहे करीब एक हजार कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस बैठक का मुख्य फोकस मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने पर रहा। उन्होंने कर्मचारियों को अनुशासन के तहत काम करने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं बेहतर व्यवहार रखने के निर्देश दिए।


केपी नारायण स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित। दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय।


